Aaj Ka Mausam: हरियाणा समेत देश के 19 राज्यों में मौसम विभाग ने आंधी तूफान का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक भीषण गर्मी के बीच आज राहत भरी हल्की बारिश भी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत 19 राज्यों आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, यूपी, हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम ?
हरियाणा, दिल्ली, यूपी में आज मौसम बदलने वाला है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, आज दिल्ली में काफी जगहों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। 24-26 मई तक राजधानी में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
मॉनसून की आहट के बीच यूपी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भी लू की स्थिति बनती दिख रही है। IMD ने आज मेरठ, शामली, बुलंदशहर, सहारनपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में तूफान की चेतावनी
बिहार में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा और राजगीर में आंधी-बारिश की चेतावनी दी है। वहीं बारिश का ये सिलसिला 29 मई तक चलता रहेगा। इसके अलावा मौसम विभाग ने 25-26 मई को राज्य के कई जिलों में भयंकर बारिश होने की चेतावनी दी है।
पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी
पहाड़ी राज्यों में आज बारिश के साथ साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में राहत वाली बारिश की संभावना जताई है। दरअसल उत्तराखंड के निचले इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही थी। आज बारिश के बाद वहां के लोग राहत की सांस लेंगे। IMD ने कल यानी 25 मई को आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।
वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ है। IMD के अनुसार आज, मनाली, धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर और चंबा में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 29 मई तक शिमला में रुक- रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
झारखंड में बारिश का अलर्ट
यूपी-बिहार की तरह झारखंड में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने आज रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और पाकुड़ में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24-25 मई आंधी चलने की चेतावनी दी है।
इसके अलावा ओडिशा में 28 मई तक लू की स्थिति जारी रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।आईएमडी ने शाम के बुलेटिन में कहा कि झारसुगुड़ा, संबलपुर और बोलांगीर जिलों के कुछ स्थानों पर लू चलने का अनुमान है जबकि बोलांगीर जिले के कुछ स्थानों पर रात में भी गर्मी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार को इन जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जगहों पर लू चलने की संभावना
इसके अलावा, रविवार को बौध जिले के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई गई है, जबकि बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, कंधमाल, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रहेगी।
इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' (सावधान रहें) जारी किया गया है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान या दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।