दिल्ली के 1.7 करोड़ वोटर आज चुनेंगे नई सरकार

दिल्ली के 1.7 करोड़ वोटर आज चुनेंगे नई सरकार

दिल्ली के 1.47 करोड़ मतदाता आज अपने मताधिकार का इस्तेमाल नई सरकार चुनने के लिए करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस, होमगार्ड सहित अर्धसैनिक बल के 75 हजार से ज्यादा हथियारबंद जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं।

राज्य चुनाव मुख्यालय (कश्मीरी गेट) परिसर के प्रथम मंजिल पर बेहद महत्वपूर्ण कंट्रोल रूम स्थापित किया गया जिससे पूरी दिल्ली पर नजर रखी जाएगी। 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 67 जबकि बीजेपी को सिर्फ 3 सीटें मिली थीं। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।

विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मॉडल पोलिंग बूथ से लेकर पिंक बूथ तक न सिर्फ मतदान केंद्रों को सजाया गया है बल्कि मतदाताओं के लिए सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। दिल्ली के महात्यौहार की तैयारियां जोरों पर हैं और त्यौहारों पर जैसे घर सजाए जाते हैं वैसे ही इन मतदान केंद्रों को सजाया गया है। गुब्बारों से लेकर फूलों तक पोलिंग बूथ की सजावट में कोई कमी नहीं रखी जा रही है।

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 13750 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से कई मतदान केंद्रों को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इनमें वोटर्स के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ खास इंतजाम किए गए हैं। इसमें रेड कारपेट, फूलों से सजावट के साथ साथ डॉक्टर्स की सुविधा भी मौजूद है। कई पोलिंग बूथ पर खास सेल्फी प्वाइंट्स बनाए गए हैं। इन प्वाइंट्स को खास तौर पर वोटिंग थीम पर बनाया गया है जहां आप वोट करके सेल्फी ले सकते हैं।

Leave a comment