अबू सलेम से मिलने आएंगे पुर्तगाल के मंत्री।

अबू सलेम से मिलने आएंगे पुर्तगाल के मंत्री।

1993 मुंबई सीरियल धमाकों और एक बिल्डर की हत्या के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद उम्रकैद की सजा काट रहे गैंगस्टर अबू सलेम से मिलने के लिए पुर्तगाली मंत्री भारत की यात्रा का विचार बना रहे हैं।
 
दरअसल, भारत आकर पुर्तगाली यह देखना चाहते हैं कि भारत द्वारा सलेम के प्रत्यर्पण के लिए निर्धारित शर्तों का सम्मान किया जा रहा है या नहीं। बता दें कि भारत और पुर्तगाल के बीच प्रत्यर्पण संधि हुई थी जिसके तहत जब सलेम को भारत प्रत्यर्पित किया गया था, उस वक्त लिस्बन कोर्ट ने इसी आधार पर सलेम भारत को सौंपा कि उसे फांसी की सजा नहीं दी जाएगी। भारत सरकार सलेम को मौत की सजा या 25 साल से ज्यादा कारावास न देने के लिए राजी भी हो गई थी। 
 
लिस्बन में मौजूद सलेम के वकील मैनुअल लुइस फेरैरा ने सोमवार को पुर्तगाल के विदेश मंत्री ऑगस्तो सैन्टॉस सिल्वा को पत्र लिखकर भारत यात्रा पर उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने की इच्छा व्यक्त की है। पत्र में जिक्र किया गया है कि सलेम को नवी मुंबई की तलोजा जेल की हाई सिक्यॉरिटी सेल में रखा गया है। पत्र को पुर्तगाली ऐम्बैसडर को भी भेजा गया है। 
 
फेरैरा ने लिखा, 'वह अपने क्लाइंट से बात कर सुनिश्चित करना चाहते हैं कि क्या उनके पास स्थानीय प्रतिनिधित्व है।' साथ ही उन्होंने मंत्री से यात्रा के दिन को भी सूचित करने को कहा। बता दें कि सलेम को नवंबर 2002 में लिस्बन के पड़ोस में स्थित चेलास से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद नवंबर 2005 में उसका भारत में प्रत्यार्पण करके आपराधिक सुनवाई के लिए पेश किया गया। 

Leave a comment