शिक्षा बोर्ड ने निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाने वाले स्कूलों पर कसा शिकंजा

शिक्षा बोर्ड ने निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाने वाले स्कूलों पर कसा शिकंजा

प्राइवेट स्कूलों में बोर्ड के बजाय निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाने की शिकायतों के कारण हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कड़ा संज्ञान लेना शुरू किया है। इसी कड़ी में प्रदेश भर के स्कूलों में छापेमारी अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत बोर्ड की 42 टीमों ने भिवानी समेत कई जिलों में यह अभियान चलाया। अभियान के दौरान भिवानी के चार स्कूल निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पढ़ाते पाए गए वहीं अन्य जिलों में इस प्रकार के मामले सामने आए।गत दिवस हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन के नेतृत्व में 42 उड़नदस्तों ने प्रदेशभर के स्कूलों में छापेमारी अभियान चलाया। भिवानी जिले के चार विद्यालयों में अनाधिकृत रूप से प्राइवेट प्रकाशन की पुस्तकें पढ़ाई जा रही थी। इनमें मुख्यत हैप्पी पब्लिक स्कूल इंडियन सीनियर सेकेंडरी स्कूल उत्तमीबाई गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बोर्ड द्वारा लागू पुस्तकें नहीं पढ़ाई जा रही थी। जिला सोनीपत के रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा नौवीं में दसवीं कक्षा का पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा था जो कि नियमानुसार गलत है।

जिला फतेहाबाद के विवेकानंद उच्च विद्यालय में भी खामियां पाई गई। वहीं सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल भिरडाना के मुख्य प्रबंधक ने स्कूल का मुख्य द्वार ही नहीं खोला। इसी प्रकार गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल असरावन हिसार के छात्रों के बस्तों में अन्य प्रकाशक द्वारा प्रकाशित पुस्तकें मिली। टीमों की छापेमारी के दौरान एमडीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल छछरौली यमुनानगर में बच्चों के स्कूल बैग में गाइडें मिली।

 

Leave a comment