हर्षवर्धन ने केजरीवाल से पूछा, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कब?

हर्षवर्धन ने केजरीवाल से पूछा, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कब?

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल सरकार के विश्वासमत हासिल करने की प्रक्रिया जारी है। दिल्ली की सत्ता में काबिज हुई आम आदमी पार्टी की सरकार को आज बहुमत साबित करना है। बहुमत के लिए 36 का आंकड़ा साबित करना है। आम आदमी पार्टी के 28 विधायक हैं जबकि उसे कांग्रेस के 8 विधायकों का समर्थन हासिल है।

इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल कौशांबी स्थित अपने घर से अपनी कार से विधानसभा के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने कहा है कि लोगों को आप पर भरोसा है हमें सरकार गिरने का डर नहीं है। केजरीवाल ने मीडिया से कहा कि हम इसे लेकर भयभीत नहीं हैं कि सरकार कितने समय तक चलती है। हम यहां सत्ता का आनंद लेने के लिए नहीं आए हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम कितने दिन सत्ता में रहेंगे। यदि हमें कोई भय होता तो संभवत हम मंदिर प्रार्थना करने गए होते।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा में हंगामा मच गया। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी की टोपी को लेकर ऐतराज जताया है। आप विधायक और दर्शक दीर्घा में बैठे आप समर्थक आप पार्टी की टोपी लगाए दिखे जिस पर बीजेपी ने एतराज किया। हंगामा शांत होने के बाद केजरीवाल सरकार के मंत्री मनीष सिसोदिया ने विश्वासमत का प्रस्ताव रखा।

 

Leave a comment