केस वापस लेने की मांग पर भारत अब भी कायम

केस वापस लेने की मांग पर भारत अब भी कायम

नई दिल्ली: देवयानी खोबरागड़े की अपमानजनक गिरफ्तारी के मामले में भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा है। राजनयिक के खिलाफ वीजा धोखाधड़ी के मामले को वापस न लेने के अमेरिका से मिल रहे संकेतों को भारत ने कोई तवज्जो नहीं दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिका ने अब तक आधिकारिक रूप से मामले में छानबीन जारी रहने की बात कही है इसलिए वह गैर आधिकारिक सूचनाओं पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा। कूटनीतिक तनातनी के बीच भारत ने कुछ और कठोर कदम उठाने का संकेत देते हुए कहा है कि वह अब भी देवयानी के खिलाफ लगे आरोपों को बिना शर्त वापस लेने की मांग पर कायम है।

अमेरिकी प्रशासन के सूत्रों ने दावा किया है कि देवयानी मामले में अमेरिका बिना शर्त माफी मांगना तो दूर वीजा धोखाधड़ी मामले में मुकदमे को भी वापस नहीं लेगा। अमेरिकी प्रशासन इस मामले में और ज्यादा तथ्य जुटाने की दिशा में काम कर रहा है। विवाद टालने के लिए माफी मांगने और मुकदमा वापस लेने से अमेरिका के इनकार के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अकबरुद्दीन ने कहा कि यह आधिकारिक बयान नहीं है। गैर आधिकारिक बयानों या सूत्रों पर आधारित मीडिया रिपोर्टों पर मंत्रालय की ओर से टिप्पणी का सवाल ही नहीं उठता। सूत्रों का कहना है कि अगर अमेरिका ने आधिकारिक रूप से मुकदमा वापस न लेने की घोषणा की तो भारत नए साल के पहले हफ्ते में कुछ और कड़े फैसले ले सकता है। श्रम कानूनों के उल्लंघन में भारत सरकार सख्ती बरत सकती है।

 

Leave a comment